मीरपुर हिन्दू में 20 हजार वर्गमीटर में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी पर जीडीए का बुलडोजर

यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए प्रवर्तन जोन-8 क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। उपाध्यक्ष के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी एवं प्रभारी प्रवर्तन जोन-8 के नेतृत्व में ग्राम मीरपुर हिन्दू, नवादा लोनी स्थित सैनिक विहार कॉलोनी में लगभग 20 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अनधिकृत कॉलोनी को ध्वस्त किया गया।

जीडीए की टीम ने उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम, 1973 के तहत कार्रवाई करते हुए सलमान और मोहसिन द्वारा विकसित की जा रही कॉलोनी में लगभग 60 से 70 भूखंडों की बाउंड्रीवाल, निर्मित सड़कों तथा अन्य अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस और क्षेत्रीय पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए अभियान जारी रखा।

ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान प्रवर्तन जोन-8 का पूरा स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस दस्ता तथा क्षेत्रीय पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों और बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।