
यूपी – गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने शनिवार को संजय नगर स्थित अपने आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भूमि, राजस्व, पुलिस, विद्युत, नगर निकाय, सामाजिक कल्याण, दिव्यांगजन सहायता सहित जनहित से जुड़े मामलों की शिकायतें मंत्री के समक्ष रखीं।
नरेंद्र कश्यप ने प्रत्येक फरियादी की बात सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। जनता दर्शन सरकार और आमजन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है, जिससे लोगों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण किया जाए, ताकि किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कार्यक्रम में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनके समाधान के लिए त्वरित निर्देश देने पर नरेंद्र कश्यप के प्रति आभार व्यक्त किया तथा प्रदेश सरकार की जनहितकारी कार्यशैली पर विश्वास जताया।

