जनसेवा, सादगी और ईमानदारी की मिसाल थे राजपाल त्यागी

यूपी – गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं मुरादनगर से छह बार विधायक रहे स्वर्गीय राजपाल त्यागी की भव्य प्रतिमा का अनावरण 17 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मुरादनगर में किया जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी जेपी कश्यप ने उन्हें राजनीति का सच्चा ‘अजातशत्रु’ बताते हुए कहा कि कुछ लोग पदचिह्नों पर चलते हैं, जबकि कुछ स्वयं पदचिह्न बनाते हैं और ऐसे व्यक्तित्व सदैव समाज के लिए प्रेरणा बन जाते हैं।

जेपी कश्यप ने बताया कि समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान जब राजपाल त्यागी कैबिनेट मंत्री थे, तब वह विधानसभा में तत्कालीन मंत्री विशंभर प्रसाद निषाद से मिलने गए थे। लौटते समय उन्होंने राजपाल त्यागी से भी मुलाकात की। त्यागी ने आत्मीयता से उनका स्वागत किया, बार-बार उनके काम के बारे में पूछा और चुनाव में उनके समर्पित योगदान को याद करते हुए उनकी सराहना की। इसी दौरान एक अन्य मंत्री का किसी अधिकारी के तबादले को लेकर फोन आया। अनुचित दबाव बनने पर राजपाल त्यागी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह अपने सिद्धांतों के अनुसार राजनीति करते हैं और दबाव में कोई निर्णय नहीं लेंगे।

जेपी कश्यप ने कहा कि राजपाल त्यागी का यही स्वाभिमानी और निष्पक्ष व्यक्तित्व उन्हें अन्य नेताओं से अलग बनाता था। वह छोटे से छोटे कार्यकर्ता का भी सम्मान करते थे और हमेशा स्नेहपूर्वक मिलते थे। उन्होंने कहा कि राजपाल त्यागी उनके लिए बड़े भाई के समान थे तथा उनका मार्गदर्शन हमेशा मिलता रहा।

उन्होंने बताया कि राजपाल त्यागी के दोनों पुत्र गिरीश त्यागी और अजीत पाल त्यागी भी आज उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जनता के बीच सम्मान और लोकप्रियता बनाए हुए हैं। जेपी कश्यप ने कहा कि राजपाल त्यागी का संपूर्ण जीवन जनसेवा, ईमानदारी, सामाजिक समरसता और गरीब, मजदूर तथा वंचित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित रहा। क्षेत्र के विकास में उनके योगदान और जनता के प्रति निःस्वार्थ सेवा को गाजियाबाद की जनता हमेशा याद रखेगी।