कृष्णा विहार के पास जीडीए का बड़ा बुलडोजर अभियान, 2865 वर्गमीटर में अवैध निर्माण ध्वस्त

यूपी – गाजियाबाद, 15 जुलाई। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को प्रवर्तन जोन-3 क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कृष्णा विहार के पास लगभग 2865 वर्गमीटर क्षेत्र में किए जा रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी एवं प्रभारी प्रवर्तन जोन-3 के नेतृत्व में की गई।

जीडीए के अनुसार संबंधित भूमि पर जयपाल सिंह (पुत्र सहजराम), गिरिराज सिंह, सोरन सिंह और धर्मपाल सिंह द्वारा बिना स्वीकृति के अनाधिकृत निर्माण एवं विकास कार्य कराया जा रहा था। शिकायत और जांच के बाद प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल और स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित कर ध्वस्तीकरण अभियान लगातार जारी रखा गया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई।

अभियान के दौरान जीडीए के सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर, मेट, स्थानीय पुलिस बल तथा प्राधिकरण पुलिस बल मौजूद रहा। जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। बिना स्वीकृत मानचित्र या प्राधिकरण की अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।