
यूपी – गाजियाबाद। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन गाजियाबाद ने वीएलटीडी (व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस) से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) पहुंचकर प्रदर्शन किया और परिवहन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने बताया कि वीएलटीडी प्रणाली और पोर्टल में आ रही तकनीकी दिक्कतों के कारण जिले के सैकड़ों ट्रांसपोर्टरों के वाहन परमिट, परमिट नवीनीकरण तथा अन्य परिवहन संबंधी कार्य लंबे समय से लंबित हैं।
ज्ञापन में कहा गया कि सरकार ने वीएलटीडी व्यवस्था को अनिवार्य किया है, लेकिन तकनीकी खामियों के कारण ट्रांसपोर्टरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। परमिट जारी न होने से व्यावसायिक वाहन खड़े हैं, जिससे परिवहन कारोबार प्रभावित हो रहा है। एसोसिएशन ने मांग की कि संबंधित तकनीकी विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर पोर्टल की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाए, ताकि लंबित परमिट और अन्य कार्य समय पर पूरे हो सकें तथा ट्रांसपोर्टरों को राहत मिल सके।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो ट्रांसपोर्टर व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष सौदान गुर्जर, मनोज गौड़, राहुल शर्मा, इकबाल खान, बृजेश, जावेद अली और नरेश सहित बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्ट व्यवसायी मौजूद रहे।

