
यूपी – गाजियाबाद। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के निर्देश पर मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को जागरूक करना तथा हरित वातावरण के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल ने पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की अनिवार्य आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
डॉ. अलका अग्रवाल ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से आह्वान किया कि वे केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को प्रकृति के संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। सभी ने हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में निरंतर योगदान देने का संदेश दिया।

