वीवीआईपी एड्रेसेज के शिव शक्ति मंदिर में मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

यूपी – गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित वीवीआईपी एड्रेसेज सोसाइटी के शिव शक्ति मंदिर में सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच शिव परिवार, नवग्रह देवों और शीतला माता की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई। पांच दिवसीय आयोजन के तहत 12 जुलाई को निकाली गई भव्य शोभायात्रा और कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच निकली यात्रा का सोसाइटी में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

मुख्य अनुष्ठान के बाद मंदिर में देवी-देवताओं का विशेष श्रृंगार किया गया तथा प्रथम महाआरती संपन्न हुई। इसके उपरांत वीवीआईपी धार्मिक समिति की ओर से विशाल भंडारे एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

आयोजन को सफल बनाने में वीवीआईपी धार्मिक समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति के सतीश जैन, प्रवीण त्यागी, जे.पी. कश्यप, एस.पी. त्यागी, आमोद मित्तल, गौरव गर्ग, शशिकांत, सौरभ अग्रवाल, मोहित जिंदल, विभोर मित्तल, विमल, सौरभ शर्मा और अमित जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने व्यवस्थाओं का संचालन किया। समिति के सदस्यों ने सामूहिक सहयोग से पूरे आयोजन को सफल बनाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सोसाइटी के परिवारों ने भाग लेकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।