
यूपी – अयोध्या। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने अयोध्या में आयोजित स्वागत एवं कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का विरोध करने वालों के लिए ‘राम विरोधी ट्रस्ट’ गठित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस दिशा में पहल करें तथा ऐसे व्यक्तियों और संगठनों को ट्रस्ट से जोड़ा जाए जिन्होंने श्रीराम, श्रीराम जन्मभूमि या मंदिर निर्माण का विरोध किया। उन्होंने कहा कि एक स्थायी शिलालेख पर आंदोलन के विरोध से जुड़े सार्वजनिक वक्तव्यों और घटनाओं का भी उल्लेख किया जाए। अपने संबोधन में उन्होंने राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, मुलायम सिंह यादव, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का उल्लेख किया।
इससे पूर्व अवध क्षेत्र की ओर से आयोजित स्वागत समारोह में कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं से प्रकाश पाल का अभिनंदन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राम मोहन रस्तोगी ने की। इस दौरान संजय भाई पटेल, नीरज गुप्ता, विजय गुप्ता, विशाल जायसवाल, मधुर शर्मा, अनिल कुमार वर्मा, फरीद अंसारी, श्रीकांत यादव, आर.डी. विश्वकर्मा, रमाशंकर राजपूत, अशोक सहित क्षेत्र, जिला और मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा अयोध्या के जिला अध्यक्ष सुधीर गुप्ता ने सभी अतिथियों का श्रीरामलला का स्मृति-चिह्न भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में संगठन को मजबूत बनाने और भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

