भाजपा महानगर गाजियाबाद की मासिक बैठक संपन्न, 22 जुलाई के बूथ सम्मेलन की रणनीति तय

यूपी – गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी महानगर गाजियाबाद की मासिक बैठक नवयुग मार्केट स्थित बैंक्विट हॉल में महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों एवं अभियानों की समीक्षा की गई, साथ ही 22 जुलाई को विधानसभा स्तर पर होने वाले बूथ सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

मयंक गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चल रहे संगठनात्मक अभियानों में गाजियाबाद महानगर लगातार अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन का महत्वपूर्ण डीएलपी (डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम) अभियान तेजी से चल रहा है, जिसके तहत महानगर से लेकर बूथ समिति तक कार्यकर्ताओं का डिजिटल पंजीकरण कर उन्हें प्रमाण पत्र दिए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी अभियानों में भी कार्यकर्ता पूरी सक्रियता, समर्पण और अनुशासन के साथ भागीदारी निभाते हुए गाजियाबाद को प्रदेश में शीर्ष स्थान पर स्थापित करेंगे।

बैठक का समापन पूर्व महापौर आशा शर्मा ने किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पार्टी के प्रत्येक अभियान को पूरी ऊर्जा, निष्ठा और प्रमाणिकता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में शहर विधायक संजीव शर्मा, पूर्व एमएलसी सुरेश कश्यप, महानगर महामंत्री गौरव चोपड़ा और पंकज भारद्वाज, प्रदीप चौहान वाल्मीकि, महानगर उपाध्यक्ष सचिन डेढ़ा, रनीता सिंह, महेंद्र यादव, आशीष चौधरी, विनोद कसाना, भानु सिसोदिया, महानगर मीडिया प्रभारी नीरज शर्मा सहित सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।