एटीएम बदलकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 50 एटीएम कार्ड और आईफोन बरामद

यूपी – गाजियाबाद। थाना खोडा पुलिस ने एटीएम बदलकर लोगों के खातों से रुपये निकालने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 50 एटीएम कार्ड, 9,500 रुपये नकद और एक आईफोन बरामद हुआ है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को एक पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई कि 15 अप्रैल 2026 को कालू सीमेंट के पास स्थित एटीएम पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 26,150 रुपये निकाल लिए। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान आकाश कुमार उर्फ अक्की पंडित, पुत्र पंचानन सिंह, निवासी नियर हरी सिंह स्कूल, चोटपुर कॉलोनी, सेक्टर-63, छिजारसी, नोएडा के रूप में हुई।

थाना खोडा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को इंदिरापुरम अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एटीएम के बाहर बुजुर्गों, महिलाओं और सीधे-साधे लोगों को निशाना बनाता था। बातचीत में उलझाकर उनसे पिन नंबर जान लेता, मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग कर लेता और मौका पाकर उनका एटीएम कार्ड बदल देता था। बाद में उन्हीं कार्डों से दिल्ली के विभिन्न एटीएम से नकदी निकालकर वीडियो रिकॉर्डिंग मिटा देता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ खोडा थाने में दर्ज मुकदमे के अलावा थाना लक्ष्मीनगर, थाना शकरपुर और थाना न्यू अशोक नगर, दिल्ली में भी धोखाधड़ी के तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।