विश्वकर्मा श्रम-सम्मान और छोटे व्यवसायी संपर्क अभियान को मिलेगी गति

गाजियाबाद में राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति और विधायक संजीव शर्मा की मौजूदगी में हुई चर्चा, 4.5 लाख लाभार्थियों से होगा सीधा संवाद

यूपी – गाजियाबाद। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा ने विश्वकर्मा श्रम-सम्मान एवं छोटे व्यवसायी संपर्क अभियान को गति देने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में विजय नगर स्थित गंगाजल गेस्ट हाउस में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति और शहर विधायक संजीव शर्मा की उपस्थिति में अभियान को प्रभावी बनाने के संबंध में चर्चा हुई।

यह अभियान प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। बैठक में पारंपरिक कारीगरों, श्रमिकों, पिछड़े वर्गों और छोटे व्यवसायियों तक केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।

विश्वकर्मा श्रम-सम्मान अभियान के तहत प्रदेश के लगभग 4.5 लाख लाभार्थियों से संपर्क किया जाएगा। विधानसभा स्तर पर लाभार्थियों की सूची तैयार कर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। वहीं छोटे व्यवसायी संपर्क अभियान में चाय विक्रेता, मोची, नाई, कुम्हार, लोहार, बुनकर और रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को जोड़ा जाएगा।

विश्वकर्मा लाभार्थी सम्मेलन 1 से 10 दिसंबर तक आयोजित होंगे। छोटे व्यवसायियों की सूची 30 नवंबर तक तैयार कर 1 से 10 दिसंबर तक संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसमें पीएम स्वनिधि, पीएम विश्वकर्मा और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।