संविधान और वोट के अधिकार की रक्षा के लिए 26 नवंबर को लखनऊ में निकलेगी संविधान रक्षा यात्रा : सतीश शर्मा

यूपी – गाजियाबाद। जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश शर्मा ने बताया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी लखनऊ में संविधान रक्षा यात्रा निकालेगी। उन्होंने कहा कि आज देश के संविधान और लोकतंत्र पर सबसे बड़ा खतरा मंडरा रहा है। वोट का अधिकार छीनना संविधान और प्रजातंत्र की बुनियाद को कमजोर करना है।

उन्होंने बताया कि यात्रा नेहरू भवन में गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर शुरू होगी और एनेक्सी भवन होते हुए हजरतगंज स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि के साथ संपन्न होगी। यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण होगी। इसमें सामाजिक संगठनों, युवाओं, नागरिक समाज और संविधान में आस्था रखने वाले लोगों को आमंत्रित किया गया है।

सतीश शर्मा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के माध्यम से नाम काटे जाने, चुनाव आयोग की निष्पक्षता और मताधिकार को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देशभर में करोड़ों मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने की चिंता लोकतंत्र के लिए गंभीर विषय है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, सांसदों और विधायकों के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने नारा दिया कि एक वोट बचाना ही संविधान बचाना है।