संविधान दिवस पर शिक्षाविद रामदुलार यादव का सेंट तुलसी ग्लोबल स्कूल आजमगढ़ में हुआ सम्मान

बच्चों को डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन, संविधान के महत्व और मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की दी जानकारी

यूपी – मार्टिनगंज (आजमगढ़)। राष्ट्रीय संविधान दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को सेंट तुलसी ग्लोबल स्कूल, आमगांव में समाजवादी विचारक, शिक्षाविद एवं लोक शिक्षण अभियान ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष रामदुलार यादव का स्वागत एवं सम्मान किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कुमार यादव ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर रामदुलार यादव ने विद्यार्थियों से मुलाकात की और डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन एवं संविधान निर्माण में उनके योगदान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक के जीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। संविधान हमें मौलिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। समानता और सभी को आगे बढ़ने का अवसर देना ही अच्छे समाज के निर्माण का आधार है।

उन्होंने बताया कि लोक शिक्षण अभियान ट्रस्ट मेधावी एवं कमजोर वर्ग के बच्चों की शिक्षा में सहयोग कर रहा है। ट्रस्ट के पुस्तकालय में लगभग 22 हजार पुस्तकें उपलब्ध हैं। मार्टिनगंज के लल्लूगंज बाजार स्थित प्रधान जी विश्राम यादव वाचनालय एवं पुस्तकालय में विद्यार्थी आईएएस, पीसीएस, मेडिकल, एनडीए, इंजीनियरिंग, कानून, लोक प्रशासन, साहित्य एवं आध्यात्मिक विषयों की तैयारी कर सकते हैं।

कार्यक्रम में अभिषेक अस्थान, आलोक यादव, रविकांत पटवा, दीपक कुमार मौर्य, अवंतिका सिंह, मोनिका प्रजापति और मनोज कुमार उपस्थित रहे।