
यूपी – गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की स्वाट टीम, क्राइम ब्रांच और थाना साहिबाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में राजेंद्र नगर स्थित दुर्गा इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित एक फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया गया। पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवक-युवतियों से रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग, इंटरव्यू और कमीशन फीस के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12 लैपटॉप, 23 स्मार्टफोन, 14 की-पैड मोबाइल, 47 सिम, 16 डेबिट कार्ड, दो क्रेडिट कार्ड, 10 मुहरें, आठ चेकबुक, पांच पासबुक, फर्जी आधार व वोटर आईडी, दो प्रिंटर, 12 पावर एडॉप्टर, एक डोंगल, सात पेन ड्राइव, एक क्यूआर कोड स्कैनर तथा एक ऑडी कार बरामद हुई।
पूछताछ में मुख्य आरोपी अभिषेक जैन ने बताया कि उसने जैनसन इंटरनेशनल के नाम से फर्म बनाकर उसकी आड़ में पत्नी हिना पंवार, मामा सुनील जैन, पीयूष जैन, आंचल जैन और सलीम के साथ मिलकर फर्जी कॉल सेंटर संचालित किया। गिरोह इंटरनेट से विभिन्न वेबसाइटों से नौकरी तलाशने वाले युवाओं का डाटा खरीदकर महिला कर्मचारियों से कॉल कराता था और नौकरी का झांसा देकर विभिन्न शुल्क के नाम पर रकम वसूलता था। कर्मचारियों को फर्जी आईडी पर मोबाइल और सिम उपलब्ध कराए जाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक जैन, पीयूष जैन, चिन्टू कुमार, हिना पंवार, आकांक्षा, ज्योति, वर्षा, सीमा, मुस्कान, आंचल जैन, कविता, विनीता मेहरा, शालिनी, निशा, गीतांजली, पूजा, कंचन, रोहिनी, प्रिया सिंह और तन्नू सिंह शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार एनसीआरपी पोर्टल पर इस कॉल सेंटर के खिलाफ अब तक 24 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिली हैं। अन्य शिकायतों और मुकदमों की भी जांच की जा रही है। सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

