महाकवि डॉ. कुंअर बेचैन की कविता वाचन प्रतियोगिता में 33 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

यूपी – गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित स्प्रिंस डेल्स स्कूल एवं देवप्रभा प्रकाशन, गाजियाबाद के संयुक्त तत्वावधान में महाकवि डॉ. कुंअर बेचैन की कविताओं की इस वर्ष की दूसरी वाचन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 33 विद्यार्थियों ने डॉ. कुंअर बेचैन की कविताओं का प्रभावशाली वाचन कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले पांच विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक, प्रमाण-पत्र, पुस्तकें एवं उपहार प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और पुस्तकें देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में भावना जोशी ने प्रथम, पूर्विका पांडेय ने द्वितीय तथा कशिश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हर्षिता और राखी को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडल में सुप्रसिद्ध कवयित्री शोभा सचान एवं शिक्षाविद् आई.एम. पांडेय शामिल रहे। शोभा सचान ने कविता के माध्यम से विद्यार्थियों में साहित्यिक चेतना जागृत करने का संदेश दिया, जबकि आई.एम. पांडेय ने विद्यार्थियों को संस्कारों और साहित्य के महत्व से परिचित कराया।

कवि, पत्रकार एवं देवप्रभा प्रकाशन के प्रकाशक डॉ. चेतन आनंद ने अपने गुरु डॉ. कुंअर बेचैन से जुड़े संस्मरण साझा किए तथा अपनी कविताओं के माध्यम से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी डॉ. कुंअर बेचैन की रचनाओं का वाचन कर वातावरण को साहित्यमय बना दिया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की सह-समन्वयक निधि रस्तोगी ने किया। अंत में विद्यालय समिति के पदाधिकारी डॉ. उदय रस्तोगी, सुनील कुमार सिंह और प्रदीप कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों, निर्णायकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।