
यूपी – गाजियाबाद, 12 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत जनपद गाजियाबाद में “सबका साथ, वनों का विकास” एवं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विजयनगर स्थित रक्षा भूमि राइफल रेंज परिसर में 50 हजार पौधों का रोपण किया गया। जिला प्रशासन और सामाजिक वानिकी प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में दो हरिशंकरी स्थापित की गईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग नरेंद्र कश्यप ने कहा कि वृक्ष भारतीय संस्कृति में देवतुल्य हैं और इनके संरक्षण में ही मानवता का कल्याण निहित है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने कहा कि वृक्ष धरती के आभूषण और मानव जीवन के आधार स्तंभ हैं। उन्होंने पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील करते हुए बताया कि वृक्षारोपण कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
विधायक सदर संजीव शर्मा ने कहा कि जिस क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित हुआ, वहां पहले अवैध अतिक्रमण और गंदगी थी, लेकिन जिला प्रशासन और वन विभाग के प्रयासों से अब यह क्षेत्र हरित और स्वच्छ बन चुका है।
डीएफओ ईशा तिवारी ने बताया कि जनपद को इस वर्ष 10,22,300 पौधारोपण का लक्ष्य मिला है। कार्यक्रम स्थल पर 50 हजार पौधे लगाए गए, जबकि शेष पौधारोपण 2100 चिन्हित स्थलों पर कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि नरेंद्र कश्यप ने पाकड़/पिलखन, संजीव शर्मा ने पीपल, रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने बरगद (वट), कुमार सौरभ ने महोगनी तथा ईशा तिवारी ने नीम का पौधा रोपित किया, जिससे दो हरिशंकरी स्थापित की गईं।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, एसडीएम अरुण दीक्षित, जिला विद्यालय निरीक्षक बुद्ध प्रिय सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव, पार्षद संतराम यादव, समाजसेवी सुभाष गुप्ता, उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. सलोनी, क्षेत्रीय वनाधिकारी निमि कुचिया और अमित सिंह सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूनम शर्मा ने किया, जबकि शुरुआत आयना डांस एकेडमी की गणेश वंदना एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई।

