
यूपी – गाजियाबाद, 12 जुलाई। बेसिक शिक्षा विभाग गाजियाबाद द्वारा वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जनपद के सभी परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में उत्सव के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, रजापुर में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव, खंड शिक्षा अधिकारी, समस्त जिला समन्वयक, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी तथा विभागीय स्टाफ ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।
अभियान के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यालयों के प्रांगण में बड़े उत्साह के साथ वृक्षारोपण किया गया तथा छात्र-छात्राओं ने परिवारजनों के साथ मिलकर पौधे रोपे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों में ‘सेल्फी प्रतियोगिता’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने पौधारोपण के साथ अपनी सहभागिता को यादगार बनाया।
बेसिक शिक्षा विभाग ने शासन से प्राप्त पौधारोपण लक्ष्य के सापेक्ष जनपद के विद्यालयों में शत-प्रतिशत पौधारोपण सुनिश्चित किया। विभाग के अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, हरित भविष्य और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देने का एक जनआंदोलन है।

