राजनगर एक्सटेंशन की घटना पर कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार से मिलकर न्याय की मांग की

यूपी – गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित मिग्सन के एक नए प्रोजेक्ट में सात वर्षीय बालिका के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म के बाद सातवीं मंजिल से फेंककर हत्या किए जाने की घटना को लेकर जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने नूर नगर श्मशान घाट पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा, महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव, पूर्व जिला अध्यक्ष विनीत त्यागी, सुनील दत्त कर्दम, मांगेराम त्यागी, अक्षय वीर त्यागी, पुनीत लव, आकांक्षा वर्मा, ऋतिक कुशवाहा और सुमित यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यदि आरोप सही हैं तो यह अत्यंत जघन्य और मानवता को शर्मसार करने वाली वारदात है। नेताओं ने सरकार और पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को कठोरतम कानूनी दंड दिलाने की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को पर्याप्त आर्थिक मुआवजा, सुरक्षा तथा हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रभावी एवं कड़े कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी परिवार को इस तरह की दर्दनाक त्रासदी का सामना न करना पड़े।