संयुक्त ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने जाम की 11 प्रमुख वजहें गिनाते हुए ट्रैफिक पुलिस को सौंपा सुझाव पत्र

यूपी – गाजियाबाद। संयुक्त ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह नागर ने पुलिस आयुक्त (यातायात), गाजियाबाद को ज्ञापन सौंपकर शहर में लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम और नो-एंट्री व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की। एसोसिएशन का कहना है कि लोहा मंडी और साउथ साइड इंडस्ट्रियल एरिया में जाम की समस्या कई वर्षों से बनी हुई है, जिससे परिवहन व्यवसाय के साथ-साथ आम नागरिक भी प्रभावित हो रहे हैं।

ज्ञापन में एसोसिएशन ने जाम के लिए 11 प्रमुख कारण बताए हैं। इनमें गाजियाबाद में ट्रांसपोर्ट नगर का अभाव, बिना चालक के हस्ताक्षर के ई-चालान जारी होना, अवैध रूप से संचालित सीएनजी टेंपो, बिना पंजीकरण वाले वाहन और लालकुआं-अलीगढ़ मार्ग पर चलने वाली टैक्सियों का संचालन, बाहर से आने वाले ट्रकों का लोहा मंडी में खड़ा होना, लोहा मंडी और साउथ साइड की सड़कों के निर्माण में देरी, अत्यधिक चौड़े डिवाइडर, व्यापारियों द्वारा सड़कों और पटरियों पर लोहा रखकर अतिक्रमण करना, ट्रैफिक पुलिस के अभियानों में कमी, राष्ट्रीय राजमार्ग पर चेकिंग के दौरान होने वाली दुर्घटनाएं, लोहा मंडी में अवैध कांटों के कारण लगने वाला जाम तथा ट्रक मिस्त्रियों के लिए स्थायी दुकानों का अभाव शामिल हैं।

एसोसिएशन ने मांग की कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान कर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए। साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना, ई-चालान प्रक्रिया में पारदर्शिता, अवैध वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई, अधूरे सड़क निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने और अतिक्रमण हटाने जैसे कदम उठाए जाएं, ताकि शहर में जाम की समस्या से राहत मिल सके।