राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जे.के.जी. इंटरनेशनल की आराध्या सिंह ने जीता स्वर्ण पदक

यूपी – गाजियाबाद। विजयनगर स्थित जे.के.जी. इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा 9 की छात्रा आराध्या सिंह ने उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्टेडियम, सहारनपुर में आयोजित हुई, जिसमें प्रदेशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। आराध्या ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर अपने वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजू गौड़ ने आराध्या की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उसकी मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के विद्यार्थी भविष्य में भी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन करते रहेंगे।

विद्यालय के निदेशक डाॅ. करुण कुमार गौड़ ने कहा कि जे.के.जी. इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने कहा कि आराध्या सिंह की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें भी अपने लक्ष्य की ओर पूरी मेहनत से आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।

विद्यालय परिवार ने आराध्या सिंह को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई।