
यूपी – मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप का चरथावल विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों का लोकार्पण किया, सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लिया तथा शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत देगी।

दौरे की शुरुआत ग्राम नरा से हुई, जहां मंत्री ने विधायक निधि से निर्मित सीसी रोड का लोकार्पण किया। इसके बाद ग्राम सैदपुरा में सोना कश्यप और एलम सिंह कश्यप के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। ग्राम तितावी में महिपाल चौधरी के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होने के बाद उन्होंने ग्राम धौलरा में एक अन्य सीसी रोड का लोकार्पण किया। बुढ़ीना कला में भाजपा कार्यकर्ता सत्यपाल सिंह के पुत्र पुष्पेंद्र आर्य के आवास पर पहुंचकर संवेदना व्यक्त की तथा ग्राम सांजक में सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।
नरेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास, सुशासन और कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने दावा किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं के दम पर 2027 में भी भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। पूरे दौरे में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया।

