
यूपी – गाजियाबाद। शहर की लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक समस्या के समाधान की दिशा में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने बड़ा कदम उठाया है। जीडीए उपाध्यक्ष ने राजनगर योजना सेक्टर-2 के सामने स्थित रेलवे क्रॉसिंग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने रेलवे फाटक पर रोजाना लगने वाले जाम की समस्या से अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने स्वयं रेलवे फाटक बंद होने पर वाहनों की लंबी कतारें देखीं और इसे जनहित से जुड़ी गंभीर समस्या बताया। उन्होंने कहा कि इस स्थान पर अंडरपास का निर्माण यातायात जाम से स्थायी राहत दिलाने का सबसे प्रभावी समाधान होगा।
उपाध्यक्ष ने मौके पर मौजूद जीडीए अधिकारियों को अंडरपास निर्माण के लिए तत्काल सर्वेक्षण, तकनीकी परीक्षण और विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा।
प्रस्तावित अंडरपास बनने से राजनगर, कवि नगर, शास्त्री नगर, यूपीएसआईडीसी, आरडीसी तथा आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को जाम से राहत मिलेगी। इससे आवागमन अधिक सुरक्षित, सुगम और निर्बाध होगा तथा शहर की यातायात व्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा। जीडीए ने कहा कि जनहित से जुड़े आधारभूत विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

