जलभराव में मासूम की मौत पर सपा प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से की मुलाकात

नगर निगम पर लापरवाही का आरोप

यूपी – गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर में बारिश के दौरान जलभराव के बीच नाली में गिरने से तीन वर्षीय मासूम बच्ची की मौत के बाद समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा देते हुए कहा कि पार्टी इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है।

समाजवादी पार्टी ने घटना के लिए गाजियाबाद नगर निगम की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि लगातार बारिश के बावजूद जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से शहर के कई इलाकों में गंभीर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। परिजनों के अनुसार, बच्ची घर के बाहर निकली और पानी में डूबी नाली में गिर गई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पार्टी ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय करने, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने तथा पूरे शहर की जलनिकासी व्यवस्था को युद्धस्तर पर दुरुस्त करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग, महानगर महासचिव राजन कश्यप, युवजन सभा के राष्ट्रीय महासचिव अमन यादव, विधानसभा अध्यक्ष शाहनवाज़ खान, लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मौ. असलम कुरैशी, पार्षद फहीम चौधरी, विधानसभा सचिव सलीम चौहान, डॉ. सलीम खान, मौ. गालिब तथा टी.एस. यादव शामिल रहे।