
यूपी – गाजियाबाद। राज्य कर विभाग द्वारा शासन की मंशा के अनुरूप व्यापारी जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों को प्रतिबंधित चाइनीज मांझा तथा अन्य प्रतिबंधित पतंग उत्पादों का निर्माण, बिक्री और उपयोग नहीं करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही व्यापारियों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए विभाग और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में होजरी, रेडीमेड, फार्मा और रियल एस्टेट क्षेत्र के बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया। उन्होंने जीएसटी, कर निर्धारण, ऑनलाइन प्रक्रियाओं और व्यापार संचालन से जुड़ी विभिन्न समस्याएं विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखीं। व्यापार मंडल के चेयरमैन रजनीश बंसल ने व्यापारियों का पक्ष रखते हुए कर संबंधी जटिलताओं और व्यावहारिक कठिनाइयों से अधिकारियों को अवगत कराया।
उपायुक्त खंड-10 शिवानी गुप्ता, उपायुक्त खंड-8 रेणु सिंह, उपायुक्त खंड-12 संजीव कुमार, उपायुक्त खंड-9 विजय चौधरी तथा सहायक आयुक्त विपिन कुमार शुक्ला ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं, सुविधाओं तथा कर प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में विजय गुप्ता, रजनीश बंसल, सुधीर शुक्ला, मनोज गोयल, सचिन शर्मा, राहुल जिंदल सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।

