टीला मोड़ में करंट लगने से 8 वर्षीय अयान की मौत, परिजनों ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की

यूपी – गाजियाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित इकबाल कॉलोनी में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते करंट लगने से 8 वर्षीय अयान की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर में करंट उतरने की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से की गई थी, लेकिन समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई।

परिजनों का कहना है कि यदि शिकायतों पर गंभीरता से ध्यान दिया गया होता तो अयान की जान बचाई जा सकती थी। पीड़ित परिवार ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बिजली व्यवस्था की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच कर आवश्यक सुधार किए जाने चाहिए।