
यूपी – ग्रेटर नोएडा। आईआईएमटी कॉलेज में शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं डीबीटी वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से लाभ वितरित किया गया।

मुख्य अतिथि नरेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ शिक्षकों के स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों और उनके परिवारों को बिना आर्थिक बोझ के बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रखना सरकार की जिम्मेदारी है।

समारोह में शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया और डीबीटी के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित शिक्षकों और शिक्षामित्रों ने इस योजना का स्वागत करते हुए इसे शिक्षक हित में एक सराहनीय कदम बताया।
कार्यक्रम में चन्द्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, आईआईएमटी ग्रुप के चेयरमैन मयंक अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद त्रिपाठी, बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार तथा जिला विद्यालय निरीक्षक चन्द्रशेखर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में बेसिक शिक्षा विभाग, गौतमबुद्ध नगर ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

