यूपी – गाजियाबाद। मुरादनगर के कुर्सी स्थित संस्कार उपवन प्रकल्प में रविवार को संस्कार उपवन परिवार के तत्वावधान में बालकों के लिए विशेष आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम परम श्रद्धेय नवनीतप्रिया दास के सानिध्य में सुबह 8 से 10 बजे तक संपन्न हुआ, जिसमें करीब 60 से 70 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विश्व मास्टर शूटिंग चैंपियनशिप के गोल्ड मेडलिस्ट राम सिसोदिया ने बच्चों को आत्मरक्षा, अनुशासन और सुरक्षा के मूलभूत सिद्धांतों की जानकारी दी। उन्होंने डॉट गेम की तकनीक तथा एयर पिस्टल की प्रायोगिक ट्रेनिंग भी कराई। उन्होंने कहा कि शूटिंग खेल में युवाओं के लिए उज्ज्वल भविष्य की अपार संभावनाएं हैं और मेहनत के बल पर वे देश-प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
राष्ट्रीय सैनिक संस्था, गोविंदपुरम मंडल की अध्यक्ष डॉ. सरोज सिरोही ने बच्चों को योग के महत्व और विभिन्न योग तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास के कारण 70 वर्ष की आयु में भी वे पूर्णतः स्वस्थ और सक्रिय हैं।
नवनीतप्रिया दास ने युवाओं को शस्त्र और शास्त्र दोनों की शिक्षा ग्रहण करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राहुल गुप्ता रहे।
इस अवसर पर शालिनी भाटी, शशि, ब्रह्मदत्त भाटी, जय प्रकाश, धीरेंद्र त्रिपाठी, ब्रजेश शर्मा, सुमित शर्मा, चिराग भोला, आशीष सिंघल, सोनू चौधरी और निखिल त्यागी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

