गाजियाबाद विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे शूटर शमशेर राणा

यूपी – गाजियाबाद। शूटर शमशेर राणा ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 56-गाजियाबाद विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र की जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए चुनाव मैदान में उतरेंगे।

शमशेर राणा इससे पहले गाजियाबाद नगर निगम के मेयर पद का चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए भी नामांकन किया था। हाल ही में हुए गाजियाबाद विधानसभा उपचुनाव में भी उन्होंने अपनी दावेदारी पेश की थी। उनका कहना है कि गाजियाबाद रायफल रेंज की रक्षा भूमि में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उन्होंने प्रमुखता से उठाया, जिसे व्यापक चर्चा मिली।

उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा क्षेत्र में भ्रष्टाचार और दलाली की प्रवृत्ति बढ़ रही है तथा आम नागरिक विभिन्न स्तरों पर परेशान हैं। उनका कहना है कि वह लंबे समय से सामाजिक सरोकारों और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बिहार में शहीद हुए भरत तिवारी के अधूरे कार्यों को ग्रामीणों के हित में आगे बढ़ाने की पहल की गई है।

शमशेर राणा ने कहा कि वे खेल और सामाजिक सेवा दोनों क्षेत्रों में सक्रिय हैं। क्रॉस कंट्री, मैराथन, साइकिलिंग, हॉकी, पहलवानी, जूडो, कराटे, बॉक्सिंग, राइफल-पिस्टल शूटिंग और घुड़सवारी सहित विभिन्न खेलों में प्रशिक्षण देने के साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए भी लगातार कार्य कर रहे हैं।