गाजियाबाद में आज होगा IMA CGPCON 2026, देशभर के चिकित्सक करेंगे मंथन

यूपी – गाजियाबाद। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) उत्तर प्रदेश एवं IMA गाजियाबाद के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 5 जुलाई को IMA CGPCON 2026 का आयोजन गाजियाबाद में होगा। राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से वरिष्ठ चिकित्सक, विशेषज्ञ और जनरल प्रैक्टिशनर्स भाग लेकर चिकित्सा विज्ञान के समकालीन विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।

आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. विश्व बंधु जिंदल ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य जनरल प्रैक्टिशनर्स को चिकित्सा विज्ञान की नवीनतम तकनीकों, शोध, उपचार पद्धतियों और आधुनिक चिकित्सा दिशा-निर्देशों से अवगत कराना है, ताकि मरीजों को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

समिति सचिव डॉ. वाणी पुरी ने बताया कि सम्मेलन के दौरान मधुमेह, हृदय रोग, संक्रामक रोग, आपातकालीन चिकित्सा, क्लिनिकल एथिक्स तथा प्रैक्टिस मैनेजमेंट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों के वैज्ञानिक व्याख्यान, पैनल चर्चा और इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही प्रतिभागियों को नवीनतम चिकित्सा शोध एवं व्यावहारिक अनुभवों से भी परिचित कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चयनित चिकित्सकों को एफसीजीपी (FCGP – Fellowship of College of General Practitioners) की प्रतिष्ठित उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार यह सम्मेलन चिकित्सकों के बीच ज्ञान, अनुभव और समन्वय को बढ़ाने के साथ जनस्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।