राजनीतिक द्वेष से दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग, पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

यूपी – गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश महासचिव, अल्पसंख्यक कांग्रेस अकबर चौधरी ने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताते हुए पुलिस आयुक्त, गाजियाबाद को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और मुकदमा वापस लेने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि 19 जून 2026 को थाना टीला मोड़ में अपराध संख्या 0185/26 के तहत भाजपा नेताओं एवं नंदकिशोर गुर्जर के दबाव में उनके खिलाफ झूठा और निराधार मुकदमा दर्ज कराया गया। उनका आरोप है कि उन्होंने ऐसा कोई भाषण या वक्तव्य नहीं दिया जिससे किसी व्यक्ति की मानहानि हुई हो तथा उनके बयानों को राजनीतिक दुर्भावना के तहत तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया गया।

अकबर चौधरी ने कहा कि जनहित, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की बात करने वालों को निशाना बनाना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और न्यायसंगत जांच कराकर सत्य सामने लाया जाए तथा राजनीतिक दबाव में दर्ज मुकदमे को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए।

ज्ञापन में चार प्रमुख मांगें रखी गईं, जिनमें मुकदमे की निष्पक्ष जांच, झूठा मुकदमा वापस लेना, दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा भविष्य में राजनीतिक प्रतिशोध के तहत झूठे मुकदमे दर्ज करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने की मांग शामिल है।