निषाद समाज सम्मेलन में 2027 में भाजपा की जीत का लिया संकल्प

यूपी – संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने संतकबीरनगर में आयोजित निषाद-कश्यप समाज के विशाल सम्मेलन में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकार ने पिछड़े, वंचित, मछुआरा और निषाद समाज के सम्मान, सुरक्षा तथा विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाकर भाजपा को प्रचंड बहुमत दिलाना समाज की जिम्मेदारी है।

निरीक्षण भवन में आयोजित सम्मेलन में बड़ी संख्या में निषाद, कश्यप समाज के लोग, भाजपा कार्यकर्ता और समाजसेवी शामिल हुए। कार्यक्रम में नरेंद्र कश्यप का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों को आवास, मुफ्त राशन, किसानों को सम्मान निधि, महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तथा पिछड़े वर्ग को राजनीतिक भागीदारी देकर विकास को गति दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।

सम्मेलन में उपस्थित समाज के प्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित कराने का संकल्प दोहराया।