यूपी – गाजियाबाद। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत सिंह द्वारा पार्टी के संसदीय बोर्ड का गठन करते हुए पूर्व सांसद के.सी. त्यागी को उसका अध्यक्ष बनाए जाने पर गाज़ियाबाद सहित पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह का माहौल है।
रालोद के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय वीर सिंह (एडवोकेट) ने कहा कि के.सी. त्यागी को संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष बनाकर पार्टी नेतृत्व ने गाज़ियाबाद का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि संसदीय बोर्ड में पार्टी के अनुभवी, समर्पित और निष्ठावान नेताओं को शामिल किया गया है, जिससे संगठन को और मजबूती मिलेगी।
अजय वीर सिंह ने कहा कि के.सी. त्यागी का राजनीतिक जीवन और अनुभव पार्टी के लिए अमूल्य है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न चौधरी चरण सिंह के मार्गदर्शन में की थी। उनका लंबा राजनीतिक अनुभव संगठन की नीतियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने और पार्टी को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि के.सी. त्यागी के नेतृत्व में संसदीय बोर्ड पार्टी को संगठनात्मक रूप से मजबूत करेगा तथा चौधरी चरण सिंह के विचारों और किसानों के हितों को आगे बढ़ाने का कार्य करेगा। इस निर्णय से रालोद कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार हुआ है।

