भामाशाह जयंती पर वरिष्ठ व्यापारियों को किया गया सम्मानित, बाजारों में चला सम्मान अभियान

यूपी – गाजियाबाद। दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग मंडल द्वारा प्रदेशभर में वरिष्ठ व्यापारी सम्मान अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गाजियाबाद महानगर में महानगर अध्यक्ष सुभाष छाबड़ा के नेतृत्व में विभिन्न बाजारों में वरिष्ठ व्यापारियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।

अभियान के तहत व्यापारियों के लंबे समय से व्यापार, सामाजिक योगदान और संगठन के प्रति उनकी सेवाओं को सम्मानित करते हुए उन्हें सम्मान-पत्र एवं मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस दौरान व्यापारियों ने कहा कि वरिष्ठ व्यापारियों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और ऐसे सम्मान कार्यक्रम संगठन की एकजुटता को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में गोल मार्केट के अध्यक्ष संजीव लाहोरिया, महानगर चेयरमैन सुरेश महाजन, टाउन हॉल मार्केट के अध्यक्ष हरि मेहता तथा सब्जी मंडी के अध्यक्ष कासिम प्रधान ने अपने-अपने बाजारों में वरिष्ठ व्यापारियों का सम्मान किया। सभी पदाधिकारियों ने दानवीर भामाशाह के जीवन, त्याग और समाजसेवा से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

महानगर अध्यक्ष सुभाष छाबड़ा ने कहा कि उत्तर प्रदेश उद्योग मंडल का यह अभियान पूरे प्रदेश में वरिष्ठ व्यापारियों के सम्मान और उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी व्यापारियों के हितों और सम्मान के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।