यूपी – गाजियाबाद। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा पूर्व सांसद के.सी. त्यागी को पार्टी के संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर रालोद नेताओं ने उनके दिल्ली स्थित आवास पहुंचकर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नेताओं ने के.सी. त्यागी को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके नए दायित्व के लिए बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके अनुभव एवं नेतृत्व से संगठन को नई मजबूती मिलेगी। नेताओं ने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा लिया गया यह निर्णय संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बधाई देने वालों में रालोद के जिला अध्यक्ष रामपाल चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष (चेयरमैन) अमरजीत सिंह बिड्डी, जिला संयोजक अरुण चौधरी भुल्लन, अंकुर त्यागी, मनिंदर बिल्ला, सरताज खान, आलोक चौधरी और इरशाद रंगरेज प्रमुख रूप से शामिल रहे।
रालोद नेताओं ने कहा कि के.सी. त्यागी का लंबा राजनीतिक अनुभव, संगठन के प्रति समर्पण और संसदीय कार्यों की गहरी समझ पार्टी को नई दिशा देने में सहायक होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संसदीय बोर्ड संगठन को मजबूत करेगा तथा पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगा। इस अवसर पर सभी नेताओं ने उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं भी दीं।

