यूपी – गाजियाबाद। अंतर्राष्ट्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग दिवस पर फॉर्च्यून इन ग्राज़िया में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) गाज़ियाबाद चैप्टर और जिला प्रशासन के बीच संवाद बैठक आयोजित हुई। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ (आईएएस) ने कहा कि एमएसएमई देश के वास्तविक राष्ट्र निर्माता हैं और उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मोदीनगर-निवाड़ी में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है तथा एक्सप्रेस-वे के किनारे भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।
आईआईए के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. नीरज सिंघल ने नए औद्योगिक क्षेत्र में फ्री-होल्ड भूमि आवंटन की मांग रखी। जिलाधिकारी ने पांच वर्ष से अधिक समय से लंबित बैंक गारंटी की मुक्ति, लोनी में ईएसआईसी औषधालय खोलने, औद्योगिक नीति की जानकारी रोस्टर के माध्यम से उपलब्ध कराने तथा जीडीए से जुड़े मामलों के समाधान का आश्वासन दिया।
आईआईए गाज़ियाबाद चैप्टर के कार्यपालक चेयरमैन संजय अग्रवाल ने अघोषित बिजली कटौती, जीडीए इंद्रप्रस्थ योजना, विकास शुल्क और अतिक्रमण हटाने सहित विभिन्न मुद्दों का ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम का संचालन हर्ष अग्रवाल ने किया तथा धन्यवाद संजय गर्ग ने दिया।
बैठक में राकेश अनेजा, आशुतोष सिंह, डॉ. दिव्य प्रताप सिंह, अंकित सिंह, जेपी कौशिक, एसके शर्मा, मनोज कुमार, प्रदीप गुप्ता, साकेत अग्रवाल, अमित नागलिया, यश जुनेजा, अमित बंसल, रमन मिगलानी, दिनेश गर्ग, संदीप गुप्ता, अजय पटेल, कुलदीप गुप्ता, पुनीत माहेश्वरी, सुभाष गुप्ता, अमरिक सिंह, मनीष मदान, बसंत अग्रवाल, विनीत माहेश्वरी और ओपी धमीजा सहित बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।

