यूपी – गाजियाबाद/साहिबाबाद। शिव शक्ति विहार स्थित यूएफओ मार्शल आर्ट्स अकादमी इंडिया में बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा के दौरान खिलाड़ियों ने काता और कुमिते में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी तकनीकी दक्षता का परिचय दिया।
ब्लैक बेल्ट परीक्षा में पियूष सिंह, श्याम यादव और युवराज ने सभी निर्धारित मानकों को सफलतापूर्वक पूरा कर ब्लैक बेल्ट हासिल की। वहीं सीनियर ग्रीन बेल्ट के लिए तरनवीर सिंह, शिवांश सिवाल, त्रियक्ष शर्मा और शिवांश सामंत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता प्राप्त की।
बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा में मनोज पंवार और प्रशांत भारद्वाज ने निर्णायक की भूमिका निभाई। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने में कोच दीपिका शर्मा का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में अकादमी के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण कुमार और महासचिव कपिल शर्मा भी मौजूद रहे।
महासचिव कपिल शर्मा ने सफल खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ब्लैक बेल्ट केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि अनुशासन, जिम्मेदारी और निरंतर अभ्यास का प्रतीक है। अध्यक्ष डॉ. प्रवीण कुमार ने कोच दीपिका शर्मा सहित सभी प्रशिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अकादमी ग्रासरूट स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने के लिए लगातार कार्य कर रही है। अंत में सभी सफल खिलाड़ियों को नई बेल्ट और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

