अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन पर सिकंदर यादव ने किया पौधारोपण, दिया PDA और 2027 का संदेश

यूपी – गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन पर गाजियाबाद के समाजसेवी एवं सपा नेता सिकंदर यादव ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक न्याय का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी की PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की विचारधारा को मजबूत करने का आह्वान किया।

सिकंदर यादव ने कहा कि अखिलेश यादव ने हमेशा गरीबों, किसानों, युवाओं, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सामाजिक न्याय, समानता और विकास को आगे बढ़ाने के लिए सभी वर्गों को एकजुट होकर PDA की ताकत को मजबूत करना होगा।

उन्होंने कहा कि जन्मदिन केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी दिन है। पौधारोपण आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने का संकल्प है। इसी उद्देश्य से अखिलेश यादव के जन्मदिन को सेवा, हरियाली और जनजागरण के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अखिलेश यादव के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की तथा संकल्प लिया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए PDA की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। उपस्थित लोगों ने पौधारोपण अभियान को समाजहित और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल बताया।