सुंदरकांड पाठ के साथ ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय में नए सत्र की शुरुआत

यूपी – गाजियाबाद। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय में श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष दिनेश कुमार गोयल, उपाध्यक्ष दिनेश कुमार गोयल (सोप वाले), प्रबंधक ज्ञानप्रकाश गोयल, उप-प्रबंधक अनिल कुमार तथा मोहित गुप्ता सहित प्रबंधन समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान भगवान हनुमान की आराधना एवं सुंदरकांड पाठ से विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

सुंदरकांड पाठ के उपरांत प्रधानाचार्या पूनम शर्मा ने भगवान हनुमान के आदर्श चरित्र, अटूट भक्ति, साहस, सेवा-भाव और समर्पण पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से इन गुणों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। अध्यक्ष दिनेश कुमार गोयल ने भगवान हनुमान से सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं कल्याण की प्रार्थना की।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय में आध्यात्मिक एवं सकारात्मक वातावरण का संचार हुआ। उपस्थित सभी लोग भक्ति भाव से ओत-प्रोत दिखाई दिए। अंत में सभी श्रद्धालुओं एवं उपस्थितजनों को प्रसाद वितरित किया गया।