वैश्य सभा ने श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाई गोवर्धन पूजा, विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया अन्नकूट प्रसाद

यूपी – गाजियाबाद। वैश्य सभा संजय नगर सेक्टर-23 के तत्वावधान में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण एवं गिरिराज महाराज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर छप्पन भोग और अन्नकूट का भोग लगाया गया। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

आयोजकों ने भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला का महत्व बताते हुए कहा कि इस लीला से मनुष्य को अहंकार त्यागने, विनम्रता अपनाने और प्रकृति का सम्मान करने की प्रेरणा मिलती है। भगवान ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों, गौमाता और जीव-जंतुओं की रक्षा की थी। यह प्रसंग हमें पर्यावरण, गौवंश और अन्न के संरक्षण का संदेश भी देता है।

वैश्य सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, प्रेम, भाईचारे और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं। अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।