ग्रीन इंडिया ऑर्गेनिक फार्म्स में डॉ. संजीव शर्मा ने विधि-विधान से किया गोवर्धन पूजन

यूपी – गाजियाबाद। राजनगर स्थित ग्रीन बेल्ट रेलवे लाइन के पास ग्रीन इंडिया ऑर्गेनिक फार्म्स में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र के नेता डॉ. संजीव शर्मा ने क्षेत्र की गणमान्य मातृशक्ति और सम्मानित साथियों के साथ विधि-विधान से भगवान गोवर्धन महाराज का पूजन किया।

पूजा-अर्चना के दौरान सभी ने भगवान गोवर्धन से परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना की। धार्मिक परंपराओं के अनुसार आयोजित इस पूजन कार्यक्रम में प्रकृति के प्रति आस्था और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

डॉ. संजीव शर्मा ने कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व हमें प्रकृति, पर्यावरण, गौवंश और कृषि के महत्व को समझने की प्रेरणा देता है। प्रकृति का संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसी धार्मिक परंपराएं समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करती हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित मातृशक्ति एवं अन्य साथियों ने भी पूजा-अर्चना में भाग लिया। पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।