राजकुंज आरडब्ल्यूए का पुनर्गठन, एन.पी. सिंह अध्यक्ष और अजय औदीच्य बने महासचिव 

यूपी – गाजियाबाद। राजकुंज कॉलोनी वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) का पुनर्गठन कर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। नई कमेटी ने बुधवार से अपना कार्यभार संभाल लिया। पुनर्गठन के तहत एन.पी. सिंह को अध्यक्ष और अजय औदीच्य को महासचिव चुना गया है।

नई कार्यकारिणी में प्रदीप जायसवाल और संजीव गोयल को संरक्षक बनाया गया है। निर्मल सिंह एवं बीना अग्रवाल को उपाध्यक्ष, दीपिका असीजा को संयुक्त सचिव, विनय शर्मा को संगठन सचिव तथा संगीता अग्रवाल को जनसंपर्क एवं प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आरडब्ल्यूए ने कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। हाल के दिनों में हुई चोरी की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा गार्डों की संख्या चार से बढ़ाकर पांच कर दी गई है। इनमें तीन गार्ड दिन और दो रात की ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। कॉलोनी के निवासियों के वाहनों पर पहचान के लिए स्टिकर लगाए जा रहे हैं, जबकि बाहरी वाहनों का प्रवेश रजिस्टर में विवरण दर्ज करने के बाद ही होगा।

इसके अलावा घरेलू सहायिकाओं, ड्राइवरों, कबाड़ी, सब्जी विक्रेताओं और कार साफ करने वाले कर्मचारियों के लिए पास जारी किए जाएंगे। आरडब्ल्यूए ने निवासियों से फ्लैटों के बाहर नालियों के सामने की जगह खाली रखने तथा जनरेटर जैसी मशीनें सड़क किनारे रखने के बजाय छत पर स्थापित करने का भी अनुरोध किया है। यह सभी व्यवस्थाएं नगर निगम और पुलिस की सलाह पर लागू की जा रही हैं।