मथुरा से 2027 विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेगा भाजपा ओबीसी मोर्चा : नरेंद्र कश्यप

यूपी – लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की एक दिवसीय बैठक 12 जुलाई को भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में आयोजित होगी। प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने बताया कि यह बैठक आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और पिछड़े वर्ग के व्यापक संपर्क अभियान को समर्पित होगी।

नरेंद्र कश्यप ने बताया कि बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, भाजपा के महामंत्री संगठन धर्मपाल तथा भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. के. लक्ष्मण सहित अनेक वरिष्ठ नेता मार्गदर्शन देंगे।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और गौ-संरक्षण व पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ होगा। बैठक में बूथ सशक्तिकरण, सदस्यता विस्तार, परिवार संपर्क अभियान, सामाजिक समरसता और पिछड़े वर्ग की 75 प्रमुख जातियों तक संगठन की पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर मंथन होगा।

नरेंद्र कश्यप ने कहा कि भाजपा विकास और सामाजिक न्याय की राजनीति में विश्वास रखती है, जबकि समाजवादी पार्टी की “पीडीए” राजनीति समाज को भ्रमित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि मथुरा की पावन जन्मभूमि से भाजपा ओबीसी मोर्चा सामाजिक समरसता, राष्ट्रवाद और विकास के संकल्प के साथ वर्ष 2027 की विजय का उद्घोष करेगा।