16.20 करोड़ की योजना का शुभारंभ
यूपी – गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र के लंबे समय से चले आ रहे पेयजल संकट का मंगलवार को अंत हो गया। 15वें वित्त आयोग से प्राप्त 16 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से तैयार गंगाजल आपूर्ति योजना का शुभारंभ महापौर सुनीता दयाल ने पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर किया। कार्यक्रम में शहर विधायक संजीव शर्मा, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक तथा क्षेत्र के पार्षद मौजूद रहे।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि योजना के तहत वार्ड संख्या 3 ओल्ड विजयनगर, 4 सेक्टर-12 माता कॉलोनी, 14 न्यू विजयनगर, 15 चरण सिंह कॉलोनी, 23 कैलाश नगर, 25 अंबेडकर नगर, 26 माधोपुर सुंदरपुरी, 48 मिर्जापुर, 51 प्रताप विहार सेक्टर-11, 55 विजयनगर सेक्टर-11 ए ब्लॉक और 58 शिवपुरी में गंगाजल की आपूर्ति शुरू कर दी गई है।
विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों का महत्वपूर्ण योगदान है। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि विजयनगर सहित पूरे शहर में विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गंगाजल आपूर्ति की यह योजना नोएडा और खोड़ा से पहले विजयनगर में शुरू होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
महाप्रबंधक (जल) कामाख्या प्रसाद आनंद ने योजना की जानकारी दी, जबकि कार्यक्रम के अंत में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने सभी अतिथियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। गंगाजल आपूर्ति शुरू होने पर पार्षदों और स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता जताते हुए गाजियाबाद नगर निगम का धन्यवाद किया।

