जिला उद्योग बंधु बैठक में उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

15 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

यूपी – गाजियाबाद, 29 जून। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न औद्योगिक संगठनों और उद्यमियों ने अपनी समस्याएं रखीं। कुमार सौरभ ने सभी संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान कर 15 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में ऑल इंडिया मैन्युफैक्चरर्स ऑर्गेनाइजेशन (यूपी स्टेट बोर्ड) के अध्यक्ष उपेन्द्र गोयल ने बताया कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की निरीक्षण कार्रवाई के दौरान उद्यमियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने उपायुक्त उद्योग, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सीपीसीबी, सीएक्यूएम (CAQM) तथा सहायक पर्यावरण अधिकारी के समन्वय से जागरूकता कार्यशाला आयोजित कर नियमों और एसओपी की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में इंद्रप्रस्थ योजना पॉकेट-बी में मिट्टी भराव और कूड़ा हटाने, पावी पुस्ता स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर जलभराव, साइट-4 साहिबाबाद के यूपीसीडा पार्क से अतिक्रमण हटाने, ट्रांस दिल्ली सिग्नेचर सिटी, लोनी में फायर स्टेशन निर्माण तथा औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत ट्रिपिंग की समस्या पर भी चर्चा हुई। एनएचएआई, एसडीएम सदर, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, एसडीएम मोदीनगर और नगर पालिका परिषद मुरादनगर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।