यूपी – गाजियाबाद, 30 जून। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और मोटरयान अधिनियम, 1988 के प्रभावी अनुपालन के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने रविवार को गाजियाबाद मंडल में विशेष प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व डॉ. सियाराम वर्मा, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), गाजियाबाद ने किया।
अभियान के तहत गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर और हापुड़ जनपदों में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों, प्रमुख मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की गई। जांच के दौरान बिना वैध परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, कर बकाया, क्षमता से अधिक सवारी, ओवरलोडिंग, अनधिकृत यात्री परिवहन तथा अन्य परिवहन नियमों के उल्लंघन के मामलों में 179 वाहनों के विरुद्ध चालान एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान वाहन चालकों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। उन्हें सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा सभी वाहन अभिलेख अद्यतन रखने की सलाह दी गई।
डॉ. सियाराम वर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर अनेक दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और बहुमूल्य जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध भविष्य में भी ऐसे सघन प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेंगे। वाहन स्वामियों और चालकों से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई।

