गाजियाबाद कराटे स्कूल के चार खिलाड़ियों ने ब्लैक बेल्ट परीक्षा उत्तीर्ण की

यूपी – गाजियाबाद, 30 जून। प्रताप विहार स्थित गाजियाबाद कराटे स्कूल के चार खिलाड़ियों ने नैनीताल में आयोजित ब्लैक बेल्ट परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। इस परीक्षा में दीपिका कुमारी, शौर्य सिंह, धनुष कुमार और अरहम खान ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने ब्लैक बेल्ट प्राप्त करने के लिए पिछले तीन वर्षों से नियमित और कठिन अभ्यास किया था।

ब्लैक बेल्ट परीक्षा का संचालन अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रशिक्षक कोच राकेश कुमार ने किया। परीक्षा पारंपरिक शितो-रियू कराटे-डो एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय शर्मा, महासचिव कमल थापा तथा बालकिशन की देखरेख में संपन्न हुई।

गाजियाबाद कराटे स्कूल के महासचिव शिहान नरेंद्र सिंह ने बताया कि सभी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अच्छे अंक प्राप्त किए और अपनी मेहनत का शानदार परिणाम हासिल किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।

गाजियाबाद कराटे स्कूल के अध्यक्ष आर. के. सप्रू ने सभी सफल खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विक्की, सराफ और नरेश शर्मा ने खिलाड़ियों को ब्लैक बेल्ट एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।