लोनी में 4.80 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ

विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने जनसमस्याएं भी सुनीं

यूपी – गाजियाबाद/लोनी, 29 जून। लोनी विधानसभा क्षेत्र की नगरपालिका में सड़क और जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने वार्ड-20 और वार्ड-45 में विधायक निधि से 4 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान सत्यम चौक, अंबेडकर चौक और धनपाल स्कूल से पुश्ता तक 500 मीटर से अधिक लंबाई वाले मार्गों सहित कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मनीष चौहान, सभासद हरेंद्र प्रधान, प्रवीण भाटी, कुलवीर चौहान, मंडल महामंत्री सूरज मिश्रा, प्रमोद भट्ट, वरिष्ठ भाजपा नेता एमएन शास्त्री तथा बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों ने विधायक का ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा से स्वागत किया।

विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने जनचौपाल में लोगों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में लोनी के संपर्क मार्गों के विकास के लिए 50 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत हुई है। इसके अलावा शिक्षा, चिकित्सा, विद्युत, जलनिकासी, सीवरेज और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास पर लगातार कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर विधायक ने बागरानप निवासी सोनू जाटव के परिजनों को 4 लाख 12 हजार रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी सौंपी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।