यूपी – गाजियाबाद। श्री सुल्लामल रामलीला कमेटी के चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। कमेटी के 297 सदस्यों में से 274 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद पर अजय बंसल निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि उनके नेतृत्व वाले पैनल ने अन्य सभी छह पदों पर भी जीत दर्ज की।

चुनाव परिणाम के अनुसार नरेश अग्रवाल महामंत्री (177 मत), संजीव मित्तल वरिष्ठ उपाध्यक्ष (195 मत), अनिल चौधरी कनिष्ठ उपाध्यक्ष (138 मत), सुधीर गोयल ‘मोनू’ कोषाध्यक्ष (149 मत), प्रदीप मित्तल मंत्री (189 मत) तथा रविंद्र मित्तल लेखा परीक्षक (162 मत) निर्वाचित हुए। भीषण गर्मी के बावजूद मतदाता परिणाम घोषित होने तक रामलीला मैदान में डटे रहे।
निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने पर अजय बंसल ने कहा कि जीत-हार चुनाव तक सीमित होती है और रामलीला कमेटी सभी सदस्यों की है। उन्होंने सभी को साथ लेकर रामलीला की गौरवशाली परंपरा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प जताया। उन्होंने कहा कि विजयी पैनल के सभी पदाधिकारी पहले भी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं, जिससे बेहतर तालमेल का लाभ कमेटी को मिलेगा।
अजय बंसल ने इस जीत का श्रेय सुभाष चंद्र गुप्ता, विनय सिंघल (कर सलाहकार), ज्ञान प्रकाश गोयल, राजेंद्र मित्तल (मेदी वाले), वीरेंद्र कुमार ‘वीरो’, प्रेमचंद गुप्ता और राकेश स्वामी सहित सभी वरिष्ठ सदस्यों के सहयोग को दिया। परिणाम घोषित होने के बाद कमेटी के सदस्यों और शुभचिंतकों ने सभी विजयी पदाधिकारियों को बधाई दी।

