हिन्दू साम्राज्य दिवस पर गाजियाबाद में निकली भव्य शोभायात्रा, शिवाजी महाराज के आदर्शों का दिया संदेश

यूपी – गाजियाबाद। भारत माता सांस्कृतिक संस्थान द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक के 353 वर्ष पूर्ण होने पर नवयुग मार्केट स्थित बलिदान पथ पर ‘हिन्दू साम्राज्य दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया। ठाकुरद्वारा तिराहे से निकली शोभायात्रा में छत्रपति शिवाजी, माँ जीजाबाई, रानी लक्ष्मीबाई सहित वीरांगनाओं की वेशभूषा में महिला शक्ति ने नेतृत्व किया। नासिक ढोल, बैंडबाजे, बुलेट वाहिनी, अश्व एवं खड़्ग वाहिनी के प्रदर्शन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

मुख्य समारोह में आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज, राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, कार्यक्रम अध्यक्ष ललित जायसवाल तथा संस्थान अध्यक्ष राहुल सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों ने बलिदानियों और महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया तथा वाल्मीकि समाज का सम्मान किया।

डॉ. स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने शिवाजी महाराज के जीवन में गुरु की भूमिका पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने युवा पीढ़ी को स्वराज, राष्ट्रभक्ति और सनातन संस्कृति से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। कार्यक्रम में 11 माताओं ने बच्चों का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक किया। क्विज प्रतियोगिता में गौरांगी सिंह, उत्कर्ष और लावण्या सेठी को सम्मानित किया गया।

संस्थान के महामंत्री मनमीत कुमार ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य युवाओं को शिवाजी महाराज के आदर्शों से जोड़ना है। संचालन प्रमोद कुमार ने किया। इस अवसर पर देवेन्द्र कुमार, विजय गोयल, धुरेन्द्र कुमार, विपुल कुमार, विधायक अजीत पाल त्यागी, विष्णु दत्त सरस, अरविन्द भाई ओझा, जीवन ऋषि महाराज एवं सुशील कुमार सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।