समरकूल के सीएमडी संजीव कुमार गुप्ता ने माँ वैष्णो धाम में कराई शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा

यूपी – हापुड़। समरकूल के सीएमडी संजीव कुमार गुप्ता ने अपने पैतृक गांव सपनावत स्थित माँ वैष्णो धाम में धर्मपत्नी रश्मि गुप्ता के साथ पूर्ण विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र शिवलिंग सहित शिव परिवार की स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा कराई। धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने भी भाग लेकर भगवान शिव और माता वैष्णो देवी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

अनुष्ठान के समापन पर संजीव कुमार गुप्ता ने अपने दिवंगत माता-पिता के प्रति गहरी श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और आशीर्वाद से ही पैतृक गांव में माँ वैष्णो धाम जैसा भव्य एवं विशाल मंदिर स्थापित हो सका। उन्होंने कहा कि मंदिर की सेवा और धार्मिक कार्यों के प्रतिफल स्वरूप परिवार में सुख, शांति और समृद्धि बनी हुई है तथा व्यापार भी निरंतर प्रगति कर रहा है।

संजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि माता-पिता ने बचपन से ही धर्म, संस्कार और सेवा का मार्ग अपनाने की शिक्षा दी, जो आज भी उनके जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने अपने दिवंगत माता-पिता के प्रति कोटिशः आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आदर्श और संस्कार परिवार का मार्गदर्शन कर रहे हैं। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।